न्यूज अपडेट्स
मंडी, 24 जनवरी। जिला मुख्यालय मंडी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ऐतिहासिक पंचवक्त्र मंदिर के समीप 37 वर्षीय महिला ने ब्यास नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान रीता देवी (37), पत्नी स्वर्गीय प्रकाश चंद, निवासी गांव बनाल, जिला मंडी के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि एक महिला ने पंचवक्त्र मंदिर के पास ब्यास नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 10:30 बजे महिला का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद ही महिला द्वारा यह कदम उठाने के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
