Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी-गणित के लिए स्पेशल इंस्ट्रक्टर, जल्द शुरू होगी भर्ती

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
नादौन, 04 जनवरी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश सरकार शिक्षा नीति में बहुत बड़े और दूरगामी बदलाव करने जा रही है। सरकारी स्कूलों को सीबीएसई के अधीन लाने के साथ-साथ अंग्रेजी और गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों के लिए स्पेशल इंस्ट्रक्टर नियुक्त किए जाएंगे, जिनकी भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

रविवार को नादौन विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत अमलैहड़ स्थित अपने पैतृक गांव भवड़ां में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित गुग्गा धाम एवं पार्क का उद्घाटन करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि अमलैहड़ स्कूल को भी सीबीएसई का दर्जा दिया गया है। इसके साथ ही यहां बन रहे राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का कार्य तेजी से चल रहा है और अगले वर्ष से इसमें कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमलैहड़ सहित प्रदेश के चार चुनिंदा स्कूलों में मल्टीपल सब्जेक्ट सिस्टम शुरू किया जाएगा, जिससे विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार विषयों का चयन कर सकेंगे। यह व्यवस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होगी।

किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस पद्धति से उगाई गई फसलों को ऊंचे दामों पर खरीदने की गारंटी दे रही है। प्राकृतिक खेती से उगाई गई हल्दी को सरकार 90 रुपये प्रति किलो की दर से खरीद रही है। उन्होंने बताया कि मात्र पांच कनाल भूमि पर हल्दी की खेती कर किसान तीन लाख रुपये तक की आय अर्जित कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बंजर भूमि पर सोलर प्लांट लगाने के लिए सब्सिडी भी प्रदान कर रही है। चार कनाल भूमि पर सोलर प्लांट स्थापित कर युवा प्रतिवर्ष करीब तीन लाख रुपये तक का शुद्ध लाभ कमा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नादौन विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न पेयजल योजनाओं पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए ब्लीचिंग पाउडर के स्थान पर अत्याधुनिक यूवी टेक्नोलॉजी और ओजोनेशन प्रक्रिया से पानी का शुद्धिकरण किया जा रहा है।

इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान सोनिया ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत गौना के गांव पखरोल में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित श्री वैकुंठ धाम एवं पार्क का लोकार्पण किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने नादौन शहर के इंद्रपाल चौक पर स्वतंत्रता सेनानी इंद्रपाल की प्रतिमा एवं स्मारक का भी उद्घाटन किया, जिसका हाल ही में जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण किया गया है।

कार्यक्रम में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, ओबीसी वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथी चंद, उपायुक्त अमरजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!