न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 10 दिसंबर। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बगलामुखी मंदिर के पास नेशनल हाईवे-503 पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुबारिकपुर–रानीताल NH पर देहरा के नजदीक ‘सीरा दा भरो’ नामक स्थान पर सड़क किनारे खड़े दो युवकों को सरिया से भरे ट्रक ने अचानक टक्कर मार दी।
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों युवक किसी काम से जालंधर से कांगड़ा की ओर जा रहे थे और रास्ते में मैगी खाने के लिए रुके थे।
जानकारी के अनुसार दोनों युवकों ने सड़क किनारे लगे एक खोखे पर चाय और मैगी का ऑर्डर दिया था. खोखा मालिक सुरिंदर के मुताबिक वे जैसे ही पानी डालने लगे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने स्टॉल के पास खड़े युवकों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साथ खड़ा खोखा भी ट्रक की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को भगाकर करीब एक किलोमीटर आगे रोककर खड़ा हो गया। खोखा मालिक ने स्कूटी से पीछा कर ट्रक को खोज निकाला.उनका आरोप है कि ट्रक चालक शराब के नशे में था। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल युवक और ट्रक चालक दोनों को सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
