न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 05 दिसंबर। धर्मशाला के सराह क्षेत्र में स्थित टोंग-लेन स्कूल का मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत करते हुए उनकी रुचियों और शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया ताकि वे राष्ट्र और समाज के विकास में सार्थक भूमिका निभा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टोंग-लेन संस्थान शुरू से ही झुग्गी-झोपड़ी और वंचित परिवारों के बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। यह संस्थान शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार जनता की सरकार है और लोगों के अधिकारों व कल्याण की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनाथ बच्चों को उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश में मुख्यमंत्री सुख आश्रय सहायता कोष की स्थापना की गई है। इस कोष के माध्यम से सरकार ऐसे बच्चों की शिक्षा सहित अन्य आवश्यक खर्च वहन कर रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। टोंग-लेन चैरिटेबल ट्रस्ट गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के मिशन पर कार्यरत है। कार्यक्रम में उपायुक्त हेमराज बैरवा, टोंग-लेन ट्रस्ट का प्रबंधन और विद्यालय के शिक्षक भी उपस्थित रहे।
