न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 10 दिसंबर। विद्युत उपमंडल-2 बिलासपुर के सहायक अभियंता रविन्द्र चौधरी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड (HPSEBL) द्वारा आर.डी.एस.एस. (संशोधित वितरण क्षेत्र योजना) के तहत जिले में पुराने मीटरों को बदलकर अत्याधुनिक स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से बिजली बिल की रीडिंग में होने वाली त्रुटियां पूरी तरह समाप्त हो जाएंगी और उपभोक्ताओं को अधिक तकनीकी, पारदर्शी व आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी। भविष्य में इन स्मार्ट मीटरों में प्रीपेड बिजली का विकल्प भी जोड़ा जाएगा, जिससे उपभोक्ता अपनी बिजली जरूरत के अनुसार रिचार्ज कर सकेंगे।
चौधरी ने बताया कि उपभोक्ता इन स्मार्ट मीटरों के माध्यम से रियल टाइम बिजली उपभोग डेटा देख पाएंगे। इससे उन्हें प्रतिदिन की खपत का स्पष्ट ब्यौरा मिलेगा, उपभोग पर नियंत्रण संभव होगा और बिजली की बचत के साथ-साथ गलत बिलों की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर स्थापित हो चुके हैं, वे अपना बिजली बिल अब एसएमएस और HPSEBL मोबाइल ऐप के माध्यम से भी देख सकेंगे। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी कनिष्ठ अभियंता या सहायक अभियंता कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
विद्युत संबंधी शिकायतों के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800-180-8060 और 1912 पर किसी भी समय संपर्क कर सकते हैं।
अंत में उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि पुराने मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगाने में विभाग को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
