न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 12 दिसंबर। उपमंडल सदर बिलासपुर में नवोदय विद्यालय समिति, विद्यालयी शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित कक्षा 6 में प्रवेश के लिए अखिल भारतीय परीक्षा 13 दिसंबर 2025 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन उपमंडल के तीन केंद्रों—राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) बिलासपुर, रावमापा (छात्रा) बिलासपुर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुखाला में किया जाएगा।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न करवाने के लिए उपमंडलाधिकारी (सदर) डॉ. राजदीप सिंह ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 के तहत आवश्यक प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। यह प्रतिबंध परीक्षा दिवस पर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेंगे।
एसडीएम ने आदेश में स्पष्ट किया कि बच्चों को सुरक्षित, शांत और बिना व्यवधान के परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की भीड़, शोर-शराबा, राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक या सांस्कृतिक गतिविधियां, जुलूस, रैलियां, नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा केंद्रों के नजदीक लाउडस्पीकर के उपयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि ध्वनि प्रदूषण से परीक्षा में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
इसके अलावा परीक्षा दिवस पर परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी निर्माण कार्य, टेंट या मंच लगाने अथवा हटाने जैसी गतिविधियों पर भी रोक रहेगी। सुरक्षा दृष्टि से हथियार, लाठी, तलवार, गोला-बारूद या किसी भी प्रकार के घातक हथियार लेकर घूमना भी कड़ाई से वर्जित किया गया है।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है, ताकि नवोदय प्रवेश परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
