न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 16 दिसंबर। हमीरपुर में आयोजित चिट्टा विरोधी मेगा वॉकथॉन के उपरांत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की नादौन–हमीरपुर–घुमारवीं–दिल्ली वोल्वो बस सेवा का शुभारंभ किया। इस नई वोल्वो सेवा से क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी दिल्ली के लिए आरामदायक और समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिलेगी।
यह वोल्वो बस सेवा प्रतिदिन सुबह 7 बजे नादौन से रवाना होगी। बस हमीरपुर से सुबह 8 बजे, घुमारवीं से 9 बजे और चंडीगढ़ से 11:40 बजे चलेगी तथा शाम 4:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह बस दिल्ली से सुबह 8:30 बजे प्रस्थान कर शाम 6:30 बजे नादौन पहुंचेगी।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, विधायक सुरेश कुमार व कैप्टन रणजीत सिंह, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उपायुक्त अमरजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति, रोकथाम एवं पुनर्वास बोर्ड के संयोजक व सलाहकार नरेश ठाकुर, उप-संयोजक संजय भारद्वाज, कांग्रेस नेता पुष्पेन्दर वर्मा, सुभाष ढटवालिया, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, सीजीएम पंकज सिंघल, डीएम राजकुमार पाठक, डीएम धर्मशाला पंकज चड्ढा, आरएम हमीरपुर राहुल कुमार, आरएम धर्मशाला साहिल कुमार सहित निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नई वोल्वो बस सेवा से नादौन, हमीरपुर और घुमारवीं क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा राजधानी दिल्ली की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
