न्यूज अपडेट्स
शिमला, 24 नवंबर। हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। मंत्रिमंडल ने फैसला लिया है कि आपदा प्रभावितों को मकान बनाने के लिए सात लाख व सामान की क्षतिपूर्ति के लिए एक लाख रुपये मिलेंगे। इस तरह पूर्ण क्षतिग्रस्त मकान व सामान के लिए अब आठ लाख मिलेंगे। इसके साथ ही बंजार में आग से 16 मकान जल गए थे। इस तरह के मामलों में भी प्रति मकान आठ लाख रुपये राहत विशेष राहत पैकेज देने का फैसला लिया गया।
मंत्रिमंडल ने 12 दिसंबर से पंचायतों के पुनर्गठन और पुनर्सीमांकन का भी फैसला लिया है। मनरेगा के तहत आपदा में 150 दिन किए गए हैं। प्रति जाॅब कार्ड 2 लाख रुपये घर के पास क्षतिग्रस्त डंगे, रिटेनिंग वाॅल लगाने देने का प्रावधान किया गया है। मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी मंत्री जगत सिंह नेगी व अनिरुद्ध सिंह ने दी। बैठक में 64 विभिन्न एजेंडों पर चर्चा हुई।
800 पुलिस कांस्टेबल व 1 हजार रोगी मित्र भर्ती होंगे
स्वास्थ्य विभाग में रोगियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए 1 हजार रोगी मित्र भर्ती करने का फैसला लिया गया है। मंत्रिमंडल ने निर्णय लिया है कि पुलिस कांस्टेबलों के 800 पद भरे जाएंगे। सिरमाैर के राजगढ़ में उप अग्निशनम केंद्र खुलेगा। इसके लिए 46 पद सृजित कर भरे जाएंगे। 150 पद कनिष्ठ अभियंता(सिविल) के भरे जाएंगे।
टांडा मेडिकल काॅलेज में सुपर स्पेशियलिटी विभाग में वरिष्ठ रेजिंडेट के 24 पद सृ़जित कर भरने की मंजूरी दी गई। मेडिकल काॅलेज हमीरपुर में सुपर स्पेशियलिटी सुविधा शुरू करने के साथ 73 पद भरे जाएंगे। नेरचाैक में नया पुलिस पोस्ट खोली जाएगी।
