न्यूज अपडेट्स
घुमारवीं, 17 नवंबर। उपमंडल घुमारवीं के तहत गांव ढलोह में रविवार देर शाम आग सेंकते समय दो व्यक्ति उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा एम्स बिलासपुर में उपचाराधीन है।
हादसे में संजय कुमार (40) पुत्र रामदत्त, निवासी परसेहड़ा सरीफपुर, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) की मौत हो गई है। दूसरा व्यक्ति जय सिंह (51) पुत्र सुंदर राम, निवासी गांव ढलोह, गंभीर रूप से झुलस गया है और उसकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक आग भड़कने पर दोनों ने सहायता के लिए आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान संजय कुमार ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना घुमारवीं की टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके। शुरुआती अनुमान है कि ज्वलनशील पदार्थ की वजह से आग भड़की होगी, लेकिन जांच के बाद ही कारण स्पष्ट होंगे।
डीएसपी विशाल वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक संजय कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से गंभीरता से जांच की जा रही है।
