न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 26 अक्टूबर। बैजनाथ थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चढियार क्षेत्र की यह महिला बाजार में सामान लेने के लिए आई हुई थी। बताया जा रहा है कि जब वह एक दुकानदार से सामान लेने गई तो आरोपित ने उसे दुकान के अंदर बुलाया और उसके साथ बलात्कार किया। घटना के बाद महिला बेहोश अवस्था में बैजनाथ स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में पड़ी मिली।
उक्त महिला मानसिक रूप से असंतुलित बताई जा रही है। मौके से गुजर रहीं कुछ कॉलेज छात्राओं ने जब महिला को अचेत अवस्था में देखा तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को अस्पताल पहुंचाया और मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
