न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 19 अक्टूबर। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित मंडी भराड़ी चौक अब एक आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का केंद्र बनेगा। प्रदेश सरकार ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को मंजूरी देते हुए इसके लिए 3.25 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है। बस अड्डे का निर्माण कार्य हिमुडा (हिमाचल शहरी विकास प्राधिकरण) को सौंपा गया है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
इस परियोजना का प्रारंभिक खाका हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने तैयार किया था। निगम ने मंडी भराड़ी चौक में करीब दो बीघा भूमि चिह्नित की थी, जहां यह बस अड्डा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसका उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के साथ पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली जैसे पड़ोसी राज्यों से आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्रदान करना है।
वर्तमान में बिलासपुर जिले में एचआरटीसी की 134 बसें 156 रूटों पर संचालित हैं, जिनमें से अधिकांश कीरतपुर-मनाली और शिमला-मटौर फोरलेन मार्गों से होकर गुजरती हैं। इसीलिए मंडी भराड़ी चौक को बस अड्डे के लिए सबसे उपयुक्त स्थान माना गया। प्रस्तावित बस अड्डे में पार्किंग, विश्राम कक्ष, पेयजल, शौचालय, फूड कोर्ट और अन्य वे-साइड एमेनिटीज जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
गोबिंद सागर झील के किनारे स्थित मंडी भराड़ी क्षेत्र आने वाले वर्षों में एक महत्वपूर्ण पर्यटन और यातायात केंद्र के रूप में विकसित होने की संभावना है। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन से सीधा जुड़ा यह इलाका वाटर स्पोर्ट्स, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
