न्यूज अपडेट्स
किन्नौर, 16 सितम्बर। किन्नौर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कानम क्षेत्र की रहने वाली एक युवती को ब्रो ठेके के समीप एक परिवार ने सड़क पर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि इस परिवार में पति-पत्नी दोनों शिक्षक हैं और उनकी बेटी ने भी मारपीट में हिस्सा लिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में रोष फैल गया है।
सूत्रों के मुताबिक शिक्षिका वर्तमान में रामपुर के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात है। प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो फुटेज के अनुसार मारपीट के दौरान शिक्षिका ने युवती को लात-घूसों से पीटा और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। लोगों का कहना है कि ऐसा व्यवहार न केवल शिक्षक की गरिमा और सामाजिक मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि पूरे शिक्षक वर्ग की छवि को धूमिल करता है।
स्थानीय लोगों ने स्पष्ट कहा कि भले ही युवती ने शराब का सेवन किया हो, लेकिन सार्वजनिक रूप से इस तरह की हिंसा किसी भी दृष्टि से न्यायोचित नहीं है। उन्होंने पति-पत्नी दोनों शिक्षकों और उनकी बेटी पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
मामला निरमण्ड पुलिस थाने तक पहुंचा, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित युवती को ही प्रताड़ित किया। इससे लोगों में और अधिक आक्रोश फैल गया है। जनता अब प्रशासन और पुलिस से निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग कर रही है।
स्थानीय लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि यदि शिक्षक ही इस तरह का असंयमित और हिंसक व्यवहार करेंगे, तो वे विद्यालय में बच्चों को आखिर कौन से संस्कार देंगे।
