न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 16 सितम्बर। शिमला-मटौर फोरलेन निर्माण कार्य के बीच प्रशासन ने लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्थाओं का सम्मान करते हुए बड़ा कदम उठाया है। ब्रह्मपुखर क्षेत्र स्थित पवित्र पीपल का वृक्ष, जिसे स्थानीय लोग श्रद्धा से ‘ब्रह्मा' के नाम से जानते हैं, को सुरक्षित रूप से जब्बल (निकट मार्कंड) में स्थानांतरित कर दिया गया है।
इस स्थानांतरण कार्य को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के तकनीकी सहयोग और गाबर कंस्ट्रक्शन की सक्रिय भागीदारी से पूरा किया गया। पूरी प्रक्रिया वन विभाग की नजदीकी निगरानी और मार्गदर्शन में संपन्न हुई। अधिकारियों ने वृक्ष की जड़ों और तनों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया ताकि यह आगे भी जीवित रह सके और विकसित हो सके।
एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह ने बताया कि विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था का सम्मान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र वृक्ष का सफल स्थानांतरण न केवल स्थानीय लोगों की भावनाओं को सुरक्षित करता है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि आधुनिक निर्माण कार्य और पर्यावरणीय जिम्मेदारी एक साथ चल सकते हैं।
