विधानसभा के बाहर BJP का धरना प्रदर्शन - कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी - पुलिस से धक्का मुक्की - बैरिकेड्स पर चढ़े

Anil Kashyap
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाहर आज गुरुवार को शिमला के चौड़ा मैदान में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा की इस रैली में प्रदेश भर के हजारों कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान भाजप ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसी बीच प्रदर्शन के बाद हिमाचल विधानसभा की तरफ बढ़ रहे इन भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़क भी हुई।

पुलिस ने खींच खींच नीचे उतारे भाजपा कार्यकर्ता

दरअसल शिमला के चौड़ा मैदान में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विशाल धरना प्रदर्शन किया। चौड़ा मैदान में जमकर सुक्खू सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने के बाद भाजपा कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। जिन्हें रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए थे। इन बैरिकेड्स के पास पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने इन्हें लांघने का प्रयास किया और बैरिकेड्स के ऊपर चढ़ गए। पुलिस ने इन कार्यकर्ताओं को खींच खींच कर नीचे उतारा। भाजपा कार्यकता बैरिकेड्स को धक्का देकर विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। जिन्हें पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। 

जयराम ठाकुर ने सरकार पर बोला हमला

इससे पहले प्रदेश सरकार की अराजकता और माफियाराज के ख़िलाफ़ हल्ला बोल प्रदर्शन में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सरकार माफियाराज और भ्रष्टाचार के मकड़जाल में जकड़ गई है। प्रदेश में हर तरफ़ अराजकता और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सरकार के संरक्षण में प्रदेश में माफ़ियाराज फल फूल रहा है। आज तक भ्रष्टाचार को सरकार से इस तरह से संरक्षण नहीं मिला है। आज जो हो रहा है वह न प्रदेश में पहले कभी हुआ है और न ही देवभूमि की संस्कृति के अनुरूप है।

प्रदेश में वन माफिया लाखों पेड़ो की कटान कर रहा है और सरकार उस पर कार्रवाई करने के बजाय संरक्षण दे रही है। साथ ही सरकार में मित्रों का जो बोलबाला है वह प्रदेश के हितों  पर भारी पड़ रहा है। अब उसमें अफसरशाही भी शामिल हो गई है। जिसकी वजह से विमल नेगी जैसे ईमानदारए कर्मठ और सुलझे हुए अधिकारी आज हमारे बीच नहीं हैं। सुक्खू सरकार प्रदेश मित्र सरकार होने के बजाय मित्रमंडली हितैषी सरकार है। जो झूठ के भरोसे सत्ता में आई और झूठ और महा झूठ के भरोसे सत्ता में बनी रहना चाहती है। 

झूठ बोल हासिल की सत्ता

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनता से झूठे वादे कर सत्ता हासिल की। कांग्रेस ने चुनाव से पहले महिलाओं को 1500 1500 रुपए देने, पांच लाख नौकरियों देने का वादा। 300 यूनिट फ्री बिजली, गाय भैंस का दूध 80 और 100 रुपए खरीदने के अलावा गोबर खरीद का वादा किया था, जिसे सरकार ने आज तक पूरा नहीं किया।

कांग्रेस सरकार ने माफिया को दिया संरक्षण

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर नशा माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि सुक्खू सरकार चिट्टा माफिया को संरक्षण दे रही है, जिससे प्रदेश में चिट्टा माफिया बेखौफ होकर कारोबार कर रहे हैं। प्रदेश में खनन माफिया, चिट्टा माफिया, शराब माफिया, कबाड़ माफिया और ट्रांसफर माफिया बेलगाम होकर लूट मचा रहे हैं। लेकिन सरकार इस पर मौन बन कर तमाशा देख रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में आए दिन गोलीकांड, हत्याएं हो रही है।

सुक्खू सरकार के शासन में फल फूल रहे चिट्टा तस्कर
वहीं प्रदेश भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि हिमाचल में जंगलराज हावी हो चुका है। प्रदेश की बहन बेटियां अब अपने आप को घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं मान रही हैं। प्रदेश में आए दिए गैंगबार हो रहे हैं। प्रदेश का युवा चिट्टे से अपनी जान गंवा रहा है। बावजूद इसके सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।

कानून व्यवस्था की उड़ी धज्जियां

वहीं राजीव बिंदल ने कहा कि देवभूमि कहा जाने वाला हिमाचल आज गोली बारी के लिए जाना जा रहा है। चंबा में युवक की नृशंस हत्या के बाद प्रदेश भर में हत्याओं की बाढ़ आ गई। नए साल से अब तक ही 14 से अधिक लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ी हुई हैं। कांग्रेस सरकार ने देवी देवताओं के प्रदेश को माफियाओं का प्रदेश बना दिया गया।

बता दें कि शिमला के चौड़ा मैदान में भाजपा के इस महाधरने प्रदर्शन में सैंकड़ों लोग पहुंचे हुए थे। इस दौरान काफी लोग मंच पर भी चढ़ गए। जिससे मंच के टूटने का खतरा बन गया। जिसे देखते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल को कुछ कार्यकर्ताओं को मंच से नीचे उतारा पड़ा।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top