न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से हत्या का एक मामला सामने आया है। जिले के राजा का तालाब में सुबह-सवेरे एक व्यक्ति की पड़ोसी ने हत्या कर दी है। घटना के वक्त व्यक्ति शिव नुआला में भजन गा रहा था। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पड़ोसी ने की व्यक्ति की हत्या
बताया जा रहा है कि आरोपी ने तेजधार हथियार से हमला कर व्यक्ति की हत्या कर दी है। हालांकि, अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि आरोपी ने ऐसा क्यों किया।
शिव नुआला में गा रहा था भजन
मिली जानकार के अनुसार, पड़ोसी ने डेढ़ किलोमीटर दूर पहुंचकर इस वारदात को अंजाम दिया है। मृतक की पहचान 44 वर्षीय रछपाल काका के रूप में हुई है। आज सुबह रछपाल शिव नुआला में भजन गा रहा था। इस दौरान उसके पड़ोसी छूनका ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
तेजधार हथियार से किया हमला
इस घटना में रछपाल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगोंं में अफरा-तफरी मच गई। रछपाल ट्रैक्टर चलाता था और आरोपी गन्ने का जूस बेचने और अन्य काम करता था।
थाने में किया आत्म समपर्ण
उधर, मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, घटना के बाद छूनका ने खुद पुलिस थाना जवाली में आत्म समपर्ण कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए SP अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरु कर दी है। फिलहाल, यह पता नहीं चल पाया है कि छूनका ने ऐसा क्यों किया। पुलिस टीम द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है।