न्यूज अपडेट्स
शिमला,04 सितंबर : हिमाचल में आपदा पर विपक्ष एवं सत्ता पक्ष के बीच सियासत शुरू हो गई है। सरकार केंद्र से आई आपदा को लेकर आई राहत को नाकाफी बता रही है, जबकि विपक्ष कह रहा है कि केन्द्र हिमाचल की पूरी मदद कर रहा है। आपदा को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व मंत्री विक्रमादित्य सिंह आमने सामने आ गए हैं।
PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने तो हिमाचल में आई आपदा पर केंद्रीय मदद को लेकर नेता प्रतिपक्ष से श्वेत पत्र की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर बार-बार केंद्रीय मदद का राग अलाप रहे है। जयराम श्वेत पत्र जारी कर बताएं कि रूटीन मदद के अलावा केंद्र ने हिमाचल की कितनी मदद की। उन्हे आपदा में राजनीति टिक्का टिप्पणी करने के बजाए मुख्यमंत्री के साथ केंद्र से मदद मांगनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष भाजपा नेताओं की JCB न लगाने जैसे आरोप न लगाएं यदि कोई फ्री में सड़कों के लिए JCB लगवाना चाहता है तो आज पांच बजे बता दें।
विक्रमादित्य सिंह के हमलों पर पलटवार करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस के सभी मंत्री गपोड़ शंख बन गए हैं। केंद्र से मदद लेकर हिमाचल सरकार के मुख्यमंत्री व मंत्री उन्ही को गाली दे रहे हैं।
कांग्रेस के मंत्री बताएं कि जब केंद्र में UPA सरकार थी तब आपदा में हिमाचल की कितनी मदद की थी। JCB के सवाल पर उन्होंने फिर साफ किया कि उनके क्षेत्र में ठेकेदार फ्री में सड़क खोलने को JCB लगा रहा था जिसे काम नहीं करने दिया। अब मंत्री बयानबाज़ी करने के बजाए सड़कों को खोलने का काम करें।