पुलिस तो हमारी मुट्ठी में है। पुलिस हमारा कुछ नहीं कर सकती तुम्हें जहां जाना है चले जाओ हम तुम्हारा कोई भी पैसा वापस नहीं करेंगे तुम्हें जो करना है कर लो मामला चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट में नौकरी लगवाने का है, जिसके नाम पर अंबाला के रहने वाले दो पिता-पुत्र ने शिकायतकर्ता से 13 लाख रुपए हड़प लिए।
अब पैसे वापस मांगने पर आरोपी धमकियां दे रहे हैं। आरोपी पहले 13 लाख रुपए वापस करने का समझौता करके भी मुकर गए। अब पुलिस ने रमनदीप सिंह और उसके पिता त्रिलोचन सिंह निवासी अंबाला के खिलाफ षड्यंत्र रचने और धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
DSP के सामने हुआ था समझौता
सुखविंद्र कुमार निवासी सीवन माजरा व रजत कुमार निवासी सरकपुर ने बताया कि रमनदीप सिंह और त्रिलोचन सिंह ने उनसे चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट में कंडक्टर के पद पर नौकरी लगवाने के लिए 13 लाख रुपए लिए थे पैसे लेने के बाद आरोपियों ने उनको नौकरी पर नहीं लगवाया था। इस पर उन्होंने आरोपियों के खिलाफ 17 सितंबर 2022 को पुलिस को शिकायत दी थी।
शिकायत पर कार्रवाई होते देख DSP के समक्ष आरोपियों ने 30 अक्टूबर तक उनकी रकम लौटाने के लिए इकरार करके समझौता कर लिया था। समझौते के बाद तय समय पर भी आरोपियों ने उनके पैसे वापस नहीं किए। उन्होंने अपने पैसे मांगे तो आरोपियों ने उनको धमकियां देनी शुरू कर दीं।
ब्याज पर उठाकर दिए पैसे
शिकायतकर्ता ने बताया कि यह राशि उन्होंने अपने रिश्तेदारों से ब्याज पर उठाकर दी थी अब वह काफी परेशान है। रिश्तेदार अपने पैसे वापस मांग रहे हैं। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। मामला SP के संज्ञान में आने के बाद बराड़ा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 406, 420, 120बी और 506 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।