हिमाचल: कांग्रेस में युवा कोटे से किसी को भी नहीं मिला टिकट

News Updates Network
0
Himachal No one got ticket from youth quota in Congress
Youth Congress (File Photo)

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए युवा कांग्रेस कोटे से किसी को भी प्रत्याशी नहीं बनाया गया है। किन्नौर में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी के बजाय पार्टी ने वर्तमान विधायक जगत सिंह नेगी पर ही भरोसा जताया है। कांग्रेस प्रत्याशियों को तय करने के लिए बीते दिनों पूर्व केंद्रीय मंत्री दीपादास मुंशी की अध्यक्षता में हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में युवा कांग्रेस कोटे का मामला जोरदार तरीके से उठा था।

सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक के लिए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने अपने कोटे से किन्नौर से नेगी निगम भंडारी, सरकाघाट से कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष यदोपति ठाकुर और भरमौर से महासचिव सुरजीत भरमौरी को टिकट देने की पैरवी की थी। भरमौर से पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी और सरकाघाट में पवन कुमार पर पार्टी ने भरोसा जताते हुए युवा कांग्रेस के दावेदारों को दौड़ से बाहर कर दिया।

नेगी निगम भंडारी को टिकट देने की प्रबल संभावना बनी थी। निगम भंडारी ने बीते दिनों भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर राहुल गांधी के समक्ष भी युवा कांग्रेस की अनदेखी होने का मामला उठाया था। 

इसी बीच जगत नेगी को टिकट मिलने में देरी पर जिला कांग्रेस कमेटी ने अपने पदों से इस्तीफा देने का एलान कर दिया था। इस कारण ही किन्नौर की सीट से कई दिनों तक पार्टी प्रत्याशी तय नहीं कर पाई।

शुक्रवार रात को पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक सहित अन्य नेताओं ने नेगी निगम भंडारी और जगत सिंह नेगी को दिल्ली बुलाकर विस्तृत चर्चा की। शनिवार दोपहर बाद पार्टी ने तीसरी सूची जारी करते हुए विधायक जगत सिंह नेगी पर विश्वास जताते हुए दोबारा किन्नौर से प्रत्याशी बनाने की घोषणा की।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top