हिमाचल में विदेशों से पहुंचे 420 लोगों का सुराग नहीं लग पा रहा है। केंद्र सरकार ने विदेशों से हिमाचल आने वालों की सूची भेजी है। हिमाचल में ओमिक्रॉन की दस्तक के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ की गई है। अगर यह लोग अभी भी हिमाचल में ही हैं तो इससे नए वैरिएंट के फैलने का खतरा भी पैदा हो गया है।
कनाडा से आई एक महिला में नए वेरिएंट की पुष्टि हो चुकी है। केंद्र सरकार ने जो सूची हिमाचल से साझा की थी, उसमें 20 नवंबर 2021 से अभी तक 2167 लोग विदेशों से हिमाचल पहुंचे। 1747 लोगों का आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया।
प्रदेश सरकार सिर्फ विदेशों से आने वाले लोगों के सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेज रही है। हिमाचल में जो लोग वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के बाद भी पॉजिटिव आ रहे हैं, उनके सैंपल जांच के लिए नहीं भेजे जा रहे हैं।
स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी का कहना है कि हिमाचल में विदेशों से आने वाले हर व्यक्ति पर नजर है। इन्हें 14 दिन के लिए आइसोलेट किया जा रहा है।
