न्यूज अपडेट्स
सुंदरनगर, 16 नवंबर। जड़ोल क्षेत्र में शराब के नशे में धुत्त एक बेटे द्वारा अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौच करने का मामला सामने आया है। इस मामले में बहू को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे 68 साल के पिता को भी बेटे के गुस्से का शिकार होना पड़ा।
आरोपी बेटे ने कपड़े धोने वाली बाल्टी से पिता पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। जड़ोल निवासी प्रेम लाल (68) ने पुलिस को शिकायत में बताया कि रात करीब 8 बजे उनका बेटा शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ बहसबाजी और गाली-गलौच कर रहा था।
घर में विवाद बढ़ता देख उसने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इससे बेटा और भड़क गया। आरोप है कि बेटे ने कपड़े धोने वाली बाल्टी से अपने पिता पर वार कर उन्हें घायल कर दिया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने पिता को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित पिता ने पुलिस थाना सुंदरनगर में शिकायत दर्ज करवाई। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि थाना सुंदरनगर में शिकायत के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है
