न्यूज अपडेट्स
शिमला, 22 नवंबर। सोशल मीडिया पर कथित तौर पर मानहानिकारक और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के मामले में ठियोग पुलिस ने आस्था फाउंडेशन के संचालक सुशील शर्मा (47) निवासी ठियोग को गिरफ्तार किया है। सुशील शर्मा को 21 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 112/26 दिनांक 13 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356, 353(1)(B), 353(1)(C), 248(b) एवं 238(b) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सुशील शर्मा ने आस्था फाउंडेशन ठियोग ट्रस्ट के नाम से संचालित फेसबुक पेज के माध्यम से शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार संबंधी कथित झूठे और मानहानिकारक आरोप तथा आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित की थीं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को पहले भी BNSS की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ नहीं करने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद इसी प्रकृति के अन्य मामले सामने आए।
पुलिस के अनुसार, पूर्व नोटिस की शर्तों के उल्लंघन, डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने और अपराध की पुनरावृत्ति की आशंका को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
