Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

Bilaspur News: अज्ञात तत्वों का कारनामा, दिवाली की रात स्कूटी को लगा दी आग

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 09 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के अंतर्गत आने वाले घुमारवीं उपमंडल में दीपावली की रात अज्ञात शरारती तत्वों का एक दुस्साहसिक कृत्य सामने आया है। उपमंडल की ग्राम पंचायत अवारी खलीण के घुमाणी गांव में आधी रात के बाद अज्ञात तत्वों ने घर के बाहर खड़ी एक स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। त्याैहार के बीच हुई इस घटना ने जहां पीड़ित परिवार को आर्थिक नुक्सान पहुंचाया है, वहीं ग्रामीण क्षेत्र में रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वारदात के बाद से पीड़ित परिवार और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित अशोक कुमार उर्फ शोकू पुत्र स्वर्गीय आजादी सिंह चंदेल ने बताया कि दीपावली की रात करीब 1:30 बजे उन्हें अपने घर के बाहर किसी अज्ञात व्यक्ति के भागने की आहट सुनाई दी। शुरुआत में उन्होंने यह सोचकर इसे नजरअंदाज कर दिया कि त्यौहार की रात होने के कारण कोई ग्रामीण वहां से गुजर रहा होगा, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें घर के आंगन के बाहर आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं। जब उन्होंने तुरंत बाहर निकलकर देखा, तो घर के बाहर खड़ी उनकी स्कूटी धू-धू कर जल रही थी।

अशोक कुमार ने बिना एक पल गंवाए आग पर काबू पाने के लिए पानी डालना शुरू किया। काफी मशक्कत और प्रयासों के बाद वह आग बुझाने में सफल रहे, लेकिन तब तक स्कूटी जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। पीड़ित ने तत्काल प्रभाव से पुलिस थाना घुमारवीं में इस घटना की सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज करवाकर अज्ञात दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाने की मांग की है।

इस  घटना के सामने आने के बाद गांव का माहौल गरमा गया है। पीड़ित अशोक कुमार के साथ स्थानीय निवासी राजेंद्र चंदेल, महेंद्र चंदेल, सुरजीत सिंह, प्रवीण कुमार और दिनेश कुमार ने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक बिलासपुर से इस संवेदनशील मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने एसपी से पुरजोर अपील की है कि मामले की शीघ्र, निष्पक्ष एवं गहन जांच करवाई जाए तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगालकर अज्ञात आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर दीपावली जैसी पावन रात पर किसी आम नागरिक की खून-पसीने की कमाई से खरीदी गई संपत्ति को जलाने का दुस्साहस किसने किया? स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग भी की है, ताकि भविष्य में ऐसे असामाजिक तत्वों के हौसले पस्त किए जा सकें और इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!