न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 20 नवंबर। बिलासपुर के कैंसर मरीजों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में करीब 25 लाख रुपये की लागत से जल्द ही डिस्ट्रिक्ट कैंसर केयर यूनिट स्थापित की जाएगी।
विशेषज्ञों की एक टीम ने अस्पताल का निरीक्षण कर ब्लड बैंक कक्ष को इस यूनिट के लिए चिह्नित किया है और अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली है।
औपचारिकताएं पूरी होते ही यहां यूनिट शुरू करने का काम तेज कर दिया जाएगा। इस नई सुविधा के शुरू होने से जिले में एम्स (AIIMS) के बाद क्षेत्रीय अस्पताल दूसरा ऐसा सरकारी संस्थान बन जाएगा, जहां मरीजों को कीमोथैरेपी मिल सकेगी।
अब तक इस सुविधा के अभाव में मरीजों को इलाज के लिए दूसरे जिलों, निजी अस्पतालों या अन्य राज्यों के चक्कर काटने पड़ते थे। इस यूनिट के खुलने से मरीजों का समय और पैसा बचेगा, साथ ही एम्स पर बढ़ती निर्भरता भी कम होगी।
