न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 02 सितंबर। हमीरपुर के भूंपल में पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों की सतर्कता से एक व्यक्ति करीब 70 लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार होने से बच गया।
ग्राहक अपने बेटे के लिए फ्लैट खरीदने के नाम पर बैंक खाते में जमा 55 लाख रुपये दूसरे बैंक खाते में भेजने पहुंचा था। लेनदेन पर संदेह होने पर शाखा प्रबंधक अंकिता संदल, उप प्रबंधक मीनाक्षी शर्मा और संजय सूद ने ग्राहक से पूछताछ की और उसके बेटे से संपर्क किया।
पूछताछ में सामने आया कि ग्राहक को 19 अगस्त से किसी पुलिस अधिकारी के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर व्हाट्सऐप कॉल की जा रही थीं। उसे गिरफ्तारी की धमकी देकर पैसे ट्रांसफर करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। बैंक अधिकारियों ने इसे डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की जा रही साइबर ठगी का मामला समझा और समय रहते ग्राहक को रोक लिया।
ठगी से बचने के बाद ग्राहक ने पूरी राशि एफडी में जमा करवा दी। पीएनबी अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि पुलिस या किसी सरकारी अधिकारी के नाम पर आने वाली धमकी भरी कॉल से घबराएं नहीं और संदिग्ध लेनदेन की तुरंत सूचना दें।
