न्यूज अपडेट्स
मंडी, 29 अगस्त। समाज में माता-पिता को भगवान का दर्जा दिया जाता है, लेकिन हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने खून के रिश्तों को कलंकित कर दिया है। बुढ़ापे में जिस बेटे और बहू से सहारे की उम्मीद थी, वही अपने बुजुर्ग पिता की जान के दुश्मन बन गए। जोगिंद्रनगर उपमंडल के मुशैहरा गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपने ही बुजुर्ग पिता को अमानवीय यातनाएं दीं।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार मुशैहरा गांव के रहने वाले बुजुर्ग लेखराज रात के समय अपने कमरे में गहरी नींद में सो रहे थे। तभी उनका बेटा राहुल वहां पहुंचा। आरोप है कि राहुल ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए पिता की आंखों में मिर्ची पाऊडर डाल दिया। आंखों में तेज जलन के कारण बुजुर्ग को कुछ भी दिखाई देना बंद हो गया और वे तड़पने लगे। इसी बेबसी का फायदा उठाकर बेटे ने उन पर हमला कर दिया।
इस खौफनाक घटना में बहू ने भी कथित तौर पर अपने पति का पूरा साथ दिया। बुजुर्ग पिता लेखराज ने पुलिस को बताया कि जब बेटा उन्हें पीट रहा था, तब खुद को बचाने के लिए उन्होंने संघर्ष किया, लेकिन तभी बहू ममता ने उनके दोनों हाथ बांध दिए, ताकि वे अपना बचाव न कर सकें। निहत्थे और बेबस बुजुर्ग पर इसके बाद जमकर कहर बरपाया गया। इस अमानवीय कृत्य के दौरान बुजुर्ग लेखराज के सिर पर गंभीर चोट आई है। पीड़ित का आरोप है कि बेटे और बहू ने उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दीं। किसी तरह अपनी जान बचाकर बुजुर्ग ने जोगिंद्रनगर पुलिस थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर पुलिस भी सन्न रह गई।
जोगिंद्रनगर पुलिस ने बुजुर्ग लेखराज की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे राहुल और बहू ममता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी, जिसने एक बेटे को अपने ही पिता के साथ इतनी क्रूरता करने पर मजबूर कर दिया। क्या यह कोई पारिवारिक या संपत्ति का विवाद है? पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
