न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 5 अगस्त। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी 5 से 7 अगस्त तक जिला बिलासपुर के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों की समीक्षा करेंगे।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि 5 अगस्त को मंत्री राजेश धर्माणी घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे।
6 अगस्त को प्रातः 10 बजे वे एचआरटीसी बस स्टैंड बिलासपुर से नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद प्रातः 11 बजे बचत भवन बिलासपुर में आयोजित जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों और जन समस्याओं की समीक्षा कर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
इसी दिन दोपहर 3 बजे मंत्री जिला योजना विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का आकलन किया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
7 अगस्त को प्रातः 10 बजे मंत्री राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान वे विद्यार्थियों से शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे तथा उनके सुझाव भी सुनेंगे।
