न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 4 अगस्त। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ के निदेशक आशीष ठाकुर ने बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली द्रोबड़ पंचायत में निःशुल्क मेडिकल कैंप का सफल आयोजन किया गया। कैंप में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और लगभग 200 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई।
आशीष ठाकुर ने बताया कि कैंप के दौरान ग्रामीणों के विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क किए गए तथा आवश्यक दवाइयों का भी मुफ्त वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि कैंप में इंडस हॉस्पिटल, मोहाली के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित परामर्श प्रदान किया।
उन्होंने बताया कि हिमकोफैड के माध्यम से बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया गया यह तीसरा मेडिकल कैंप है। उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर-द्वार के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
आशीष ठाकुर ने कहा कि भविष्य में प्रयास रहेगा कि सदर विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में इस प्रकार के निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान मीरा देवी, पूर्व प्रधान परमानंद, वार्ड सदस्य मोनिका चौहान, गोकली देवी, अंजना देवी, रेणु, युवा कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव बाबू राम, श्याम लाल, दीप चंद, सुख राम, राजेश, शमशेर, सुमन, प्रदीप, अंकिता, सपना, रमेश, बिमला, संदीप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
