न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 04 अगस्त। बिलासपुर पुलिस के नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्शन टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 58 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
3 अगस्त 2026 को नियमित यातायात चेकिंग के दौरान बलोह फोरलेन लिंक रोड, मल्यावर में एक बस की तलाशी के दौरान पंजाब की एक युवती को चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान स्नेहलता (22) पुत्री मुकेश कुमार, निवासी कोटखालसा, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 58 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
इस संबंध में पुलिस थाना घुमारवीं में मुकदमा संख्या 153/2026, दिनांक 03 अगस्त 2026 के तहत धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब बरामद चिट्टा की बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि पूरे सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
