न्यूज अपडेट्स
शिमला, 17 जुलाई। शिमला पुलिस ने शहर के एक निजी होटल में छापेमारी कर करीब 21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पंजाब के लुधियाना निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय आकाश, 19 वर्षीय सागर सिंह और 23 वर्षीय अंकित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश करने के बाद 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिलने पर स्पेशल सेल शिमला और पुलिस थाना सदर की संयुक्त टीम ने शहर के एक निजी होटल के कमरे में दबिश दी। कमरे की तलाशी के दौरान तकिये के नीचे छिपाकर रखा गया करीब 21 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी आपसी मिलीभगत से यह मादक पदार्थ पंजाब से शिमला लेकर आए थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी इसे स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में थे।
इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से है या नहीं और इस मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं।
