Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: पूर्व विधायक फायरिंग मामले में फरार आरोपी 2 महीने बाद हरियाणा से गिरफ्तार

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 14 जुलाई। पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इस मामले में जेल में बंद और करीब दो महीने पहले पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। बिलासपुर पुलिस की एक विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर हरियाणा के झज्जर क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अजय कुमार (25) निवासी गोयला ताला, तहसील बादली, जिला झज्जर (हरियाणा) के रूप में हुई है। यह आरोपी पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर 14 मार्च को हुए जानलेवा हमले के मामले में न्यायिक हिरासत (जेल) में था, लेकिन 14 मई को एक पेशी के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

जानकारी के मुताबिक 14 मई को बिलासपुर पुलिस आरोपी अजय कुमार को एक मामले की पेशी के लिए हरियाणा ले गई थी। अदालत से वापस लौटते समय पुलिस विभाग में तब हड़कंप मच गया, जब वह अचानक पुलिस अभिरक्षा से गायब हो गया। इस घोर लापरवाही के बाद आरोपी को साथ ले जा रहे दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई थी। जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पेशी के बाद आरोपी और दोनों पुलिसकर्मी, आरोपी के ही रिश्तेदार की गाड़ी में सवार होकर उसके घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने भोजन भी किया। इसके बाद वे उसी वाहन से टिकरी बॉर्डर पहुंचे, जहां बस का इंतजार करते समय अजय कुमार पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।

आरोपी के इस तरह फरार होने के बाद दिल्ली में भी मामला दर्ज किया गया था। तब से पुलिस की कई टीमें लगातार उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थीं। तकनीकी निगरानी (सर्विलांस) और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कई स्थानों पर दबिश दी गई और अंततः उसे झज्जर से गिरफ्तार कर लिया गया। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने इस अहम गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब आरोपी अजय कुमार को बिलासपुर लेकर आएगी। यहां उससे आगे की कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि उसके फरार होने के पीछे के असली कारणों और मददगारों का पता लगाया जा सके।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!