न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 05 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां पर वेल्डिंग का काम करते समय करंट लगने से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना सदर थाना कुल्लू के बंदरोल की है। मृतक की पहचान जतिन ठाकुर (18), पुत्र नील चंद, गांव जिंदौड़ डाकघर बंदरोल (कुल्लू) के रूप में हुई है। मृतक के मामा ने बताया कि उनका भांजे जतिन ने वेल्डिंग का काम सीखने की इच्छा जताई थी।
शुक्रवार शाम को जतिन अन्य मजदूरों के साथ बंदरोल में वेल्डिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और अचेत हो गया। करंट लगने के तुरंत बाद जतिन को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया, लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
