न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 29 जून। बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। क्षेत्र की ग्राम पंचायत भडोलीकलां में सांप के डसने से एक 31 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। इस अचानक हुए हादसे से महिला के परिवार में मातम छा गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक महिला की पहचान मिल्केक (31) पत्नी सुशील कुमार निवासी गांव कल्लर, डाकघर भडोलीकलां, तहसील झंडूता व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह हृदयविदारक घटना 27 जून की शाम को पेश आई। महिला अपने घर के रसोईघर में रोजमर्रा का काम कर रही थीं। परिजनों को इस बात का बिल्कुल भी अंदेशा नहीं था कि रसोई में मौत घात लगाए बैठी है। काम करने के दौरान अचानक वहां मौजूद एक जहरीले सांप ने महिला को डस लिया। सांप के डसते ही महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजन बिना समय गंवाए उसे तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल झंडूता लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने महिला की जान बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन शरीर में जहर फैलने के कारण उपचार के दौरान ही महिला ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस थाना तलाई की टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और परिजनों व डॉक्टरों से घटना की पूरी जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। इस घटना के संदर्भ में डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम व अन्य तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
