न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 04 जून। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना बरमाणा की टीम ने नाकाबंदी के दौरान मंडी जिले के एक युवक को 400 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे धकेल दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना बरमाणा के प्रभारी अपनी टीम के साथ गत देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने अलसु पुल के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग शुरू की। रात के समय वहां से गुजर रहे एक युवक की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने युवक को रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 400 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी की पहचान 32 वर्षीय डाबे राम के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से जिला मंडी की तहसील बालीचौकी के अंतर्गत आते गांव भनवास व डाकघर सोमनाचनी का निवासी है। मौके पर चरस बरामद होने के बाद पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामद की गई चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे बेचा जाना था? अब पुलिस इन सवालों के जवाब तलाशने में जुट गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशे के इस नैटवर्क को खंगालने का प्रयास कर रही है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने मामले की पुष्टि की है।
