न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 29 मई। लोकतंत्र के महापर्व में अक्सर जीत-हार का अंतर बहुत कम होता है, लेकिन हमीरपुर के सुजानपुर की ग्राम पंचायत बलेहु में एक ऐसा दुर्लभ वाकया सामने आया, जहां जनता ने दो उम्मीदवारों को बराबर की कसौटी पर ला खड़ा किया। उपप्रधान पद के लिए हुए इस रोमांचक मुकाबले में जब जनता के वोटों से फैसला नहीं हो सका, तो अंततः 'पर्ची प्रणाली' का सहारा लेना पड़ा। किस्मत के इस खेल में बाजी राजीव कुमार के हाथ लगी और वे पंचायत के नए उपप्रधान चुने गए।
जानकारी के मुताबिक, बलेहु पंचायत में उपप्रधान पद के लिए राजीव कुमार और वतन सिंह के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला था। मतगणना के दौरान माहौल तब दिलचस्प हो गया जब अंतिम राउंड की गिनती पूरी होने के बाद दोनों प्रत्याशियों के खाते में बराबर-बराबर 256 मत दर्ज किए गए। मुकाबला बराबरी पर छूटने के कारण चुनावी मैदान में सन्नाटा पसर गया, क्योंकि अब जीत का फैसला वोट नहीं बल्कि भाग्य के भरोसे होना था।
निर्वाचन नियमों के तहत, वोट बराबर होने की स्थिति में विजेता का चुनाव पर्ची निकालकर किया जाता है। चुनाव अधिकारियों ने उम्मीदवारों की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ दो पर्चियां तैयार कीं। जब बॉक्स से एक पर्ची निकाली गई, तो उस पर राजीव कुमार का नाम अंकित था। इसके साथ ही राजीव कुमार को आधिकारिक रूप से विजयी घोषित कर दिया गया। राजीव कुमार की जीत की घोषणा होते ही उनके समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया।
वहीं, प्रतिद्वंद्वी वतन सिंह ने भी लोकतांत्रिक परंपरा का सम्मान करते हुए इस परिणाम को खेल भावना के साथ स्वीकार किया। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच यह चुनाव अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
