न्यूज अपडेट्स
केलांग, 27 मई। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की लेह-केलांग-दिल्ली बस सेवा मंगलवार से शुरू हो गई है। मंगलवार सुबह एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने हरी झंडी दिखा कर बस को लेह के लिए रवाना किया। पहले दिन बस में करीब 12 यात्री सवार थे। बस बर्फीले पहाड़ों के बीच से होकर गुजरी। बीआरओ से एनओसी मिलने और अंतरराज्यीय रूट की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निगम ने करीब छह महीने बाद बस सेवा बहाल कर दी है।
बर्फबारी के चलते सर्दियों में बस सेवा को बंद कर दिया था
बर्फबारी के चलते सर्दियों में इस बस सेवा को बंद कर दिया था। अब मार्ग बहाल होने के साथ ही यह सेवा दोबारा शुरू हो गई है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
केलांग डिपो के आरएम अंशित शर्मा ने बताया कि यह बस सेवा राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर स्थित कई प्रमुख पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान बस जिस्पा, दारचा, जिंगजिंग बार, बारालाचा ला, भरतपुर, सरचू, गाटा लूप्स, नकी ला पास, तंगलंग ला, रुम्तसे और उपशी जैसे महत्वपूर्ण स्थानों से होकर लेह पहुंचेगी।
बताया कि दिल्ली से लेह तक की कुल दूरी लगभग 990 किलोमीटर है और यात्रा का किराया 1839 रुपये निर्धारित किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी एचआरटीसी पोर्टल पर उपलब्ध करवाई गई है। निर्धारित समयसारिणी के अनुसार बस दिल्ली से दोपहर 12:10 बजे रवाना होगी। इसके बाद बस अंबाला कैंट 3:50 बजे, चंडीगढ़ 6:20 बजे, मंडी रात्रि 10:55 बजे, कुल्लू रात्रि 1:30 बजे, मनाली रात्रि 2:30 बजे तथा प्रातः 5:30 बजे केलांग पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन शाम 7 बजे बस लेह पहुंचेगी।
