न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 27 मई। कुलहेड़ा पंचायत में बीती रात उस समय हाई वॉल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब यहां चुनाव परिणाम स्थल पर बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल पहुंचे और कांग्रेस समर्थकों ने लखनपाल गो बैक के नारे लगाए। बता दें कि कुलहेड़ा पंचायत में उपप्रधान पद पर विजय ने बड़े ही कांटे की टक्कर में इंद्र को एक वोट से हराया। इंद्र पहले कांग्रेस में थे और बाद में विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के भाजपा में चले जाने पर वह भी उनके साथ भाजपा में शामिल हो गए थे।
जानकारी के मुताबिक उपप्रधान पद का परिणाम घोषित होने के बाद रात करीब 12 बजे विधायक इंद्रदत्त लखनपाल कुल्हेड़ा पहुंचे। उनके यहां पहुंचने से माहौल तब गर्मा गया जब कांग्रेस नेता डैनी जसवाल ने विधायक से कहा कि जब वह कांग्रेस पार्टी में थे, तब उन्होंने यहां से कई चुनाव लड़े, तब तो विधायक उनके समर्थन में कभी नहीं पहुंचे और आज अचानक यहां कैसे आ गए।
आज ऐसी क्या नौबत आ गई कि विधायक को आधी रात को चुनाव परिणाम स्थल तक आना पड़ गया। इस गहमागहमी के बीच कांग्रेस समर्थकों ने लखनपाल गो बैक के जोरदार नारे भी लगाए।
