न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 26 मई। जिला बिलासपुर की पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण में आज कुल 76.45 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है।
जिनमें सबसे अधिक मतदान श्री नैना देवी जी विकास खण्ड में 80.45 प्रतिशत जबकि सबसे कम मतदान घुमारवीं विकास खण्ड में 73.36 प्रतिशत दर्ज हुआ है। पहले चरण में महिला मतदाताओं की भागीदारी 81.37 प्रतिशत और पुरुषों की 72.83 प्रतिशत दर्ज हुई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग के निर्धारित कार्यक्रमानुसार जिला की पंचायती राज संस्थाओं के पहले चरण के चुनाव में जिला की 62 ग्राम पंचायतों, जिनमें विकास खण्ड सदर बिलासपुर की 17 पंचायतें, घुमारवीं की 21, श्री नैना देवी जी की 09 तथा झण्डुता विकास खण्ड की 15 ग्राम पंचायतें शामिल है में आज प्रातः 7 बजे से सांय 3 बजे तक मतदान करवाया गया।
उन्होंने बताया कि विकास खण्ड सदर बिलासपुर के कुल 17 पंचायतों में 79.76 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। इसी तरह जहां विकास खण्ड घुमारवीं के कुल 21 पंचायतों में 73.36 प्रतिशत मतदान हुआ तो वहीं विकास खण्ड श्री नैना देवी जी के कुल 09 पंचायतों में 80.45 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि विकास खण्ड झंडूता के कुल 15 ग्राम पंचायतों में 75.16 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है।
