न्यूज अपडेट्स
मंडी, 19 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के मंडी के सरकाघाट के गोपालपुर में छात्रा सिया हत्याकांड में पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोपी विकास ने पुलिस और अपनी माता के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जांच में पता चला है कि वारदात वाले दिन आरोपी का अपनी मां के साथ मामूली रकम को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह गुस्से में घर से बाहर निकला और इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी विकास ने बताया कि घटना वाले दिन उसने अपनी मां से बीड़ी खरीदने के लिए पैसे मांगे थे। दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हो गई थी। गुस्से से आरोपी घर से निकलकर एक गौशाला की ओर चला गया। वहां से गोपालपुर पंचायत होते हुए वह उस रास्ते पर पहुंचा जहां से सिया कॉलेज जा रही थी। आरोपी ने कबूल किया कि रास्ते में उसने सिया को मोबाइल पर बात करते हुए देखा। पहले से ही आक्रोश में भरे विकास ने दराट से छात्रा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि छात्रा को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
शनिवार को पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उस पूरे रास्ते की 'रूट मैपिंग' की, जिसका उपयोग उसने भागने के लिए किया था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पेड़ों की छंटाई करने में माहिर है और महीने में केवल एक-दो बार दिहाड़ी लगाता था। आरोपी ने बताया कि पैसे न होने पर वह सड़क पर गिरे बीड़ी के टुकड़े उठाकर मंदिर के पास पीता था।
सिया हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने आरोपी के माता-पिता को उसके सामने लाया। जब माता-पिता ने उससे पूछा कि क्या यह हत्या उसने की है, तो आरोपी ने सिर हिलाकर अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। मंडी के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच जारी है।
