न्यूज अपडेट्स
भरमौर, 8 अप्रैल। भरमौर–हडसर–कुगती मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हडसर गांव के पास एक हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस अचानक खराब सड़क के कारण फिसल गई, जिससे बस का अगला टायर सड़क के किनारे से नीचे खाई की ओर खिसक गया।
घटना के दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क की हालत बेहद खराब थी, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया। हालांकि चालक की सूझबूझ और समय रहते नियंत्रण के चलते बस पूरी तरह खाई में गिरने से बच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन सभी यात्री सहम गए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भरमौर–हडसर–कुगती मार्ग की खराब हालत को जल्द सुधारा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
