न्यूज अपडेट्स
शिमला, 03 अप्रैल। चंबा के चुराह से भाजपा विधायक हंसराज के खिलाफ दर्ज पॉक्सो मामले में कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई है। हाल ही में हुई सुनवाई के दौरान, राज्य सरकार ने विधायक को मिली अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) के विरुद्ध अपनी स्टेटस रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश कर दी है।
यह मामला तब चर्चा में आया जब पीड़िता ने चंबा कोर्ट द्वारा विधायक को दी गई अग्रिम जमानत को हाईकोर्ट में चुनौती दी।
न्यायाधीश संदीप शर्मा की अदालत में हुई इस सुनवाई के दौरान विधायक हंसराज के अधिवक्ताओं ने पक्ष रखा। बचाव पक्ष ने याचिका में लगाए गए आरोपों पर विस्तृत जवाब देने और सरकार द्वारा दाखिल स्टेटस रिपोर्ट का अध्ययन करने के लिए अदालत से अतिरिक्त समय की मांग की है। अदालत ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 4 मई के लिए तय की है।
