Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: व्हीकल पंजीकरण घोटाले के मास्टरमाइंड के बैंक खाते सीज, कई राज्यों में दबिश दे रही पुलिस

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
सोलन, 07 अप्रैल। सोलन आरएलए में सामने आए बहुचर्चित वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार निलंबित पंजीकरण क्लर्क जितेंद्र ठाकुर की संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है। इसी कड़ी में क्लर्क के 4 बैंक खातों को सीज कर दिया गया है, हालांकि इन खातों में जमा राशि का खुलासा पुलिस ने अभी नहीं किया है। 

सोमवार को पुलिस ने क्लर्क जितेंद्र ठाकुर सहित गिरफ्तार किए गए कुल 6 आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस फर्जीवाड़े का मुख्य सरगना गौरव भारद्वाज अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। सोलन पुलिस की टीमें उसे गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली, पंजाब और हरियाणा सहित कई अन्य राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक कामयाबी नहीं मिल पाई है।

यह मामला इसी साल जनवरी माह में सामने आया था। 26 जनवरी को एसडीएम सोलन ने पुलिस में शिकायत दी थी कि यूपी नंबर के 3 ट्रालों को बिना एमवीआई (मोटर वाहन निरीक्षक) की फिजिकल वेरिफिकेशन के फर्जी तरीके से पंजीकृत किया गया और फिर उन्हें झंडूता आरएलए को ट्रांसफर कर दिया गया।जब मामले की गहराई से जांच हुई, तो पता चला कि यह आंकड़ा सिर्फ 3 ट्रालों का नहीं, बल्कि 50 से अधिक वाहनों का है। इस फर्जीवाड़े को अंजाम देने के लिए 29 अक्तूबर, 2025 को वाहन पोर्टल सोलन पर दो फर्जी आईडी बनाई गई थीं। इनमें से एक आईडी क्लर्क के नाम पर और दूसरी एसडीएम के नाम पर थी। 29 अक्तूबर से लेकर जनवरी, 2026 तक इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया गया। इसमें उन लोगों की भी मदद ली गई, जो आरएलए में वाहनों के रजिस्ट्रेशन का काम लेकर आते थे।

एसपी सोलन ने इस गंभीर मामले की जांच के लिए डीएसपी अशोक चौहान की अध्यक्षता में एक एसआईटी का गठन किया है। एसआईटी ने फर्जी तरीके से पंजीकृत किए गए वाहनों की ट्रांजैक्शन को ब्लॉक कर दिया है। पुलिस ने अब तक इस मामले में जितेन्द्र ठाकुर (निलंबित क्लर्क, आरएलए सोलन), अनिल कुमार (निवासी झंडूता, जिला बिलासपुर), राजकुमार (निवासी जिला ऊना), जितेन्द्र कुमार (निवासी सुंदरनगर, जिला मंडी), नरेश कुमार (निवासी जिला बिलासपुर) और विकास सिंह (निवासी नूरपुर, जिला कांगड़ा) को गिरफ्तार किया है।

मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी सोलन राजकुमार चंदेल ने बताया कि आरएलए फर्जीवाड़े में गिरफ्तार सभी 6 आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी क्लर्क जितेन्द्र ठाकुर के 4 बैंक खाते सीज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं और मुख्य सरगना गौरव भारद्वाज सहित अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!