न्यूज अपडेट्स
शिमला, 02 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश में सहकारिता विभाग द्वारा हिमकोफेड (HIMCOFED) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (BOD) में गैर-सरकारी सदस्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में सहकारिता निदेशालय, हिमाचल प्रदेश द्वारा 1 अप्रैल, 2026 को एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।
जारी पत्र के अनुसार राज्य सरकार ने हिमकोफेड, शिमला के निदेशक मंडल में गैर-सरकारी सदस्यों के रूप में चार व्यक्तियों के नाम प्रस्तावित किए हैं। इनमें नरेंद्र सिंह गुलेरिया (शिमला), आशीष ठाकुर (जिला बिलासपुर), अनिल कुमार सहगल (लाहौल-स्पीति) और राजेश ठाकुर (जिला हमीरपुर) शामिल हैं।
सहकारिता विभाग ने संबंधित जिलों के सहायक पंजीयकों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रस्तावित व्यक्तियों की पात्रता की जांच हिमाचल प्रदेश सहकारी समितियां अधिनियम, 1968 तथा नियम 1971 के तहत निर्धारित अयोग्यता प्रावधानों के अनुसार करें और अपनी रिपोर्ट जल्द भेजें।
क्या है हिमकोफेड (HIMCOFED)?
हिमकोफेड यानी हिमाचल प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव मार्केटिंग एंड कंज्यूमर फेडरेशन लिमिटेड राज्य की एक प्रमुख सहकारी संस्था है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों, बागवानों और उपभोक्ताओं को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उनकी उपज को उचित मूल्य दिलाना है।
हिमकोफेड खाद्यान्न, फल-सब्जियां, बीज, उर्वरक और अन्य उपभोक्ता वस्तुओं की खरीद-फरोख्त करता है। इसके अलावा यह सरकारी योजनाओं के तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में भी अहम भूमिका निभाता है। संस्था किसानों से सीधे उत्पाद खरीदकर उन्हें बाजार से जोड़ने का काम करती है, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम होती है और किसानों को लाभ मिलता है।
