Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: जिस जगह हुई थी बेटी की हत्या, वहीं पिता ने बैठकर किया शांति हवन

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
मंडी, 25 अप्रैल। मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल की गोपालपुर पंचायत के नैण गांव की बेटी सिया गुलेरिया की हत्या के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। इस जघन्य हत्याकांड में अपनी बेटी को खोने के बाद पिता जोगिंद्र सिंह ने न्याय की लड़ाई के साथ-साथ एक विशेष धार्मिक पहल की है। पिता जोगिंद्र सिंह के लिए वह स्थान, जहां उनकी बेटी को बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया था, किसी बुरे सपने से कम नहीं है। फिर भी अपनी बेटी की आत्मा की शांति के लिए शुक्रवार को उन्होंने उसी भयावह घटनास्थल पर पहुंचकर शांति हवन किया।

परिवार की ओर से इस धार्मिक अनुष्ठान को दो चरणों में पूरा किया गया। शुक्रवार सुबह सबसे पहले सिया के पिता जोगिंद्र और उनके चाचा ने अपने घर पर शांति पाठ और हवन करवाया, जिसमें परिवार के करीबी लोग शामिल हुए। घर पर अनुष्ठान संपन्न करने के बाद पिता और परिजन उस स्थान पर पहुंचे जहां सिया की हत्या हुई थी। विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ वहां बैठकर पिता ने आहुतियां दीं, ताकि उस स्थान पर व्याप्त नकारात्मकता दूर हो सके और दिवंगत आत्मा को मोक्ष प्राप्त हो। घटनास्थल पर पिता को पूजा करते देख वहां मौजूद हर ग्रामीण की आंखें भर आईं।

बता दें कि 13 अप्रैल को कॉलेज जा रही नैण गांव की सिया गुलेरिया की घर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे हिमाचल प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जारी है, लेकिन परिवार के लिए यह क्षति अपूर्णीय है।

मेरा कर्तव्य बेटी की आत्मा को शांति दिलाना : जोगिंद्र सिंह 
सिया के पिता जोगिंद्र सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि कानूनी तौर पर हमारी न्याय की लड़ाई जारी है और हम अपराधी को सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। लेकिन, एक पिता के तौर पर मेरा पहला कर्तव्य अपनी बेटी की आत्मा को शांति दिलाना है। जिस जगह उसने अंतिम सांस ली और दर्द सहा, वहीं मैं उसके लिए प्रार्थना करने आया हूं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!