न्यूज अपडेट्स
अंबाला, 31 मार्च। हरियाणा के अंबाला की रहने वाली और देहरादून स्थित श्री गुरु राम राय (SGRR) मेडिकल कॉलेज में एमएस (MS) की छात्रा डॉ. तन्वी के सुसाइड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। खुदकुशी से पहले डॉ. तन्वी ने अपनी विभागाध्यक्ष (HOD) डॉ. प्रियंका गुप्ता के साथ हुई करीब आधे घंटे की बातचीत रिकॉर्ड की थी, जो अब सामने आई है। इस ऑडियो में छात्रा की मानसिक पीड़ा और विभागीय दबाव साफ झलक रहा है।
पिता से आखिरी बातचीत: “अब सहन नहीं हो रहा...”
डॉ. तन्वी के पिता ललित मोहन के मुताबिक, 24 मार्च की रात उनकी बेटी से करीब एक घंटे तक बात हुई थी। इस दौरान तन्वी बेहद परेशान थी और रोते हुए बोली—
“पापा, अब सहन नहीं हो रहा… बहुत परेशान हो गई हूँ। अब ये रिकॉर्डिंग मैनेजमेंट को दिखानी ही पड़ेगी।” पिता ने उसे समझाने की कोशिश की और तुरंत अंबाला से देहरादून के लिए निकल पड़े, लेकिन जब तक वे पहुँचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
ऑडियो में सामने आया तनाव और दबाव
सामने आई ऑडियो रिकॉर्डिंग में डॉ. तन्वी और HOD के बीच बातचीत में तनाव साफ सुना जा सकता है—
तन्वी: “मैम, आप बताओ मैं किस-किस को खुश करूँ और कैसे? मैंने तो ऐसा कुछ भी नहीं किया।”
HOD: “आई एम नॉट टारगेटिंग यू… बस बता रही हूँ… तुमसे सब नाखुश हैं।”
तन्वी: “मैम, मैं बहुत इंट्रोवर्ट हूँ… दो से ज्यादा लोगों से इकट्ठे बात नहीं कर सकती। मुझे अपने स्पेस में रहकर काम करना पसंद है।”
यह बातचीत कथित रूप से कॉलेज में चल रहे मानसिक दबाव और प्रताड़ना की ओर इशारा करती है।
कार में बेसुध मिली तन्वी
जब पिता देर रात करीब ढाई बजे देहरादून पहुँचे, तो कॉलेज पार्किंग में तन्वी की कार नहीं मिली। तलाश के दौरान एक पेट्रोल पंप के पास कार खड़ी मिली। मोबाइल की टॉर्च से देखने पर तन्वी ड्राइविंग सीट पर बेसुध पाई गई। उसके हाथ में कैनुला लगा हुआ था और पास में करीब 100 एमएल की खाली बोतल पड़ी थी। शीशा तोड़कर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
टॉपर छात्रा, उज्ज्वल भविष्य
महज 25 साल की उम्र में डॉ. तन्वी ने मास्टर ऑफ सर्जरी (MS) की पढ़ाई पूरी कर ली थी और बचपन से ही टॉपर रही थीं। जुलाई में उनके फाइनल एग्जाम होने थे। परिवार को उनसे बड़ी उम्मीदें थीं और उनकी मां भी उनके साथ देहरादून में रह रही थीं।
HOD के खिलाफ मामला दर्ज
परिजनों की शिकायत के आधार पर देहरादून पुलिस ने नेत्र विज्ञान विभाग की HOD डॉ. प्रियंका गुप्ता के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पिता का आरोप है कि नई HOD लगातार तन्वी को नंबर काटने और फेल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थीं, जिससे वह गहरे तनाव में चली गई थी।
नम आंखों से अंतिम विदाई
गुरुवार सुबह अंबाला सिटी के रामबाग में डॉ. तन्वी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। भारी मन से पिता ने अपनी होनहार बेटी को मुखाग्नि दी।
