न्यूज अपडेट्स
शिमला, 04 मार्च। होली के रंगों के बीच शिमला के राजभवन में आयोजित उत्सव के दौरान एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसमें हल्के-फुल्के अंदाज में सियासी तपिश भी झलक उठी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जब राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को होली की बधाई देने पहुंचे, तो हंसी-मजाक के बीच राजनीतिक चर्चा भी छिड़ गई।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने मुस्कुराते हुए अपनी हालिया जनसभाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वे जनता के बीच यह बात मजबूती से रख रहे हैं कि “भाजपा हिमाचल विरोधी क्यों है?” इस पर राज्यपाल ने भी हाजिरजवाबी दिखाते हुए हंसकर जवाब दिया, “यह बात आप हमसे क्यों कहते हो…” राज्यपाल के इस हल्के-फुल्के जवाब पर वहां मौजूद सभी लोग ठहाके मारकर हंस पड़े।
हालांकि पूरी बातचीत पूरी तरह अनौपचारिक माहौल में और मजाकिया लहजे में हुई, लेकिन इसने यह जरूर दर्शाया कि प्रदेश की सियासत की गर्माहट त्योहारों के मौके पर भी महसूस की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दिन उनका उद्देश्य कोई राजनीतिक टिप्पणी करना नहीं था, बल्कि वे केवल एक प्रसंग साझा कर रहे थे। होली के इस रंगारंग आयोजन में आपसी सौहार्द और संवाद की झलक भी देखने को मिली, जहां राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा।
