न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 28 मार्च। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से धर्मशाला जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) बिलासपुर डिपो की एक बस सुबह तड़के लदरौर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चलती बस का टाई रॉड अचानक टूट गया, जिसके कारण बस का स्टीयरिंग फ्री हो गया और चालक का नियंत्रण लगभग खत्म हो गया।
बताया जा रहा है कि जिस दिशा में बस मुड़ी हुई थी, टाई रॉड टूटने के बाद बस उसी दिशा में आगे बढ़ती रही। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित करने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक बस सड़क से नीचे उतर चुकी थी। राहत की बात यह रही कि बस खाई में नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के समय बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में बिलासपुर डिपो की बसों के तीन हादसे सामने आ चुके हैं, जिससे डिपो प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आपको बता दें मार्च के महीने में 16 तारीख को बंदला में चलती बस का फ्रंट एक्सेल टूटा और उसके बाद 23 मार्च को टाई रॉड टूटने के कारण बंदला में ही बस खंभे से टकराई और आज फिर बिलासपुर डिपो की बस हादसे का शिकार हुई है। लगातार हो रही घटनाओं से यह आशंका जताई जा रही है कि क्या बसों की नियमित तकनीकी जांच और रखरखाव सही तरीके से किया जा रहा है या नहीं।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने सरकार से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि डिपो प्रबंधन में लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, उन्हें तुरंत प्रभाव से निलंबित किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
