न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 08 दिसंबर। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। उपमंडल फतेहपुर की उपतहसील राजा का तालाब के एक गांव का 23 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थतियों में लापता हो गया है।
बताया जा रहा है कि युवक घर से इंटरव्यू देने के लिए निकला था, लेकिन वो वापस घर नहीं लौटा। बेटे के ऐसे अचानक लापता हो जाने से परिजन काफी परेशान हैं। परिजन बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं।
परिजन बेटे के सही-सलामत घर लौटने की कामना कर रहे हैं। युवक के परिजनों ने जनता और पुलिस से उनके बेटे को ढूंढने में मदद करने की गुहार लगाई है। परिजन हर पल करणवीर के सकुशल वापस लौटने की आस में हैं।
युवक के पिता ने बताया कि बीती 30 नवंबर को उनका बेटा घर से बद्दी में इंटरव्यू देने के लिए निकला था। बद्दी पहुंचने के बाद उसने रात को घर पर फोन भी किया था। मगर उसके बाद से उसका फोन लगातार बंद आ रहा है।
परिजनों ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर हर जगह उसका पता कर लिया है, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है। अब थक-हार कर उन्होंने पुलिस थाना रैहन में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। लापता युवक की पहचान 23 वर्षीय करणवीर पुत्र अमरीक सिंह के रूप में हुई है।
करणवीर के परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि अगर किसी को करणवीर के बारे में कोई जानकारी हो या उन्होंने उन्हें कहीं देखा हो, तो कृपया थाने से संपर्क करें।
उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा युवक की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में आसपास लगे CCTV की फुटेज को खंगाला जा रहा है। करणवीर के दोस्तों से भी संपर्क किया जा रहा है।
पुलिस टीम चप्पे-चप्पे पर करणवीर को खोज रही है और आसपास के थाने में भी करणवीर की फोटो दे दी गई है। उन्होंने करणवीर के परिजनों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही उनके बेटे को सही-सलामत खोज लिया जाएगा।
