न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 15 नवंबर। बैरी स्थित एक फास्ट फूड की दुकान में 7 नवंबर को तीन युवतियों के बीच हुई मारपीट का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। प्रारंभिक शिकायत के आधार पर थाना बरमाणा पुलिस ने पीड़ित युवती की शिकायत पर दोनों आरोपी युवतियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
लेकिन अब मामला उल्टा पड़ता दिख रहा है। आरोपी पक्ष की दो युवतियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने पूछताछ के दौरान उनसे मैस रूम में कथित तौर पर मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। इस संबंध में दोनों ने एस.पी. बिलासपुर को शिकायत पत्र सौंपा है।
शिकायत के आधार पर एस.पी. बिलासपुर संदीप धवल ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी डी.एस.पी. लीव रिजर्व को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोप लगाने वाली दोनों युवतियों का मेडिकल भी करवा लिया है।
एस.पी. बिलासपुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि, “हमें शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के अनुसार आरोपी युवतियों का मेडिकल करवाया जा चुका है और जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। डी.एस.पी. लीव रिजर्व मामले की छानबीन करेंगे। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।”
इस बीच, दोनों पक्षों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अब पूरे मामले की दो-तरफ़ा जांच कर रही है। मामला गंभीर होता जा रहा है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
