न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 18 अक्टूबर। जम्मू के कालू चक मिलिट्री स्टेशन में तैनात जिला कांगड़ा के सैन्य जवान की शुक्रवार को अचानक मौत हो गई। 42 वर्षीय प्यार चंद अपने कैंपस में अचेत अवस्था में पाए गए थे।
साथियों द्वारा उन्हें तुरंत सतवारी के मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मूल रूप से कांगड़ा तहसील के गांव डाका के रहने वाले प्यार चंद पुत्र मुलख राज कालू चक मिलिट्री स्टेशन की घुड़सवार यूनिट में कार्यरत थे।
दिवंगत जवान के पार्थिव शव का पोस्टमार्टम जम्मू मैडीकल कालेज अस्पताल में करवाया गया है। शुरूआती जानकारी के अनुसार जवान की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। जम्मू की ग्रेटर कैलाश पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सैन्य जवान की अचानक हुई मौत के कारणों का सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।