न्यूज अपडेट्स
मुंबई, 21 अक्तूबर। हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध हास्य कलाकार और अभिनेता गोवर्धन असरानी का लंबी बीमारी के बाद पिछले कल शाम लगभग 4 बजे निधन हो गया। 84 वर्षीय असरानी ने मुंबई स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
असरानी, जिन्हें दर्शक दशकों से उनके हास्य और बहुमुखी अभिनय के लिए याद करते हैं, ने बॉलीवुड को कई यादगार किरदार दिए। फिल्म शोले में “अंग्रेजों के ज़माने के जेलर” के रूप में उनका किरदार आज भी लोगों की जुबां पर है।
उनके निधन की खबर से फिल्म जगत और फैन्स में गहरा शोक छा गया है। सिनेमा जगत की कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
असरानी ने अपने करियर में सैकड़ों फिल्मों में काम किया और हास्य भूमिकाओं के साथ-साथ चरित्र भूमिकाओं में भी अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया। उनके निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसा कलाकार खो दिया है, जिसने अपने अभिनय से पीढ़ियों को हंसाया और भावनाओं से जोड़ा।
फिल्म इंडस्ट्री के सूत्रों के अनुसार, असरानी का अंतिम संस्कार आज मुंबई में किया जाएगा।
